🔊
चम्पावत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रीठा साहिब क्षेत्र में 02 नाली अवैध भांग की खेती नष्ट
चम्पावत, 10 अगस्त। जनपद में चलाए जा रहे 'ड्रग फ्री देवभूमि अभियान' के तहत चम्पावत पुलिस लगातार नशे के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को थाना रीठा साहिब पुलिस ने अवैध भांग की खेती के खिलाफ अभियान चलाते हुए ग्राम बुडम एवं सुकनी में लगभग 02 नाली क्षेत्रफल में उगाई गई अवैध भांग की खेती को नष्ट कर दिया।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य जनपद को नशामुक्त बनाना और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों को अवैध भांग की खेती न करने की सख्त चेतावनी दी। साथ ही नशे के दुष्परिणामों, सामाजिक एवं पारिवारिक नुकसान तथा इसके कानूनी पहलुओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया।
चम्पावत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और नशे से जुड़े अपराधों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध भांग या अन्य मादक पदार्थों की खेती अथवा तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
चम्पावत पुलिस का संदेश है-नशामुक्त देवभूमि, सुरक्षित युवा और स्वस्थ समाज।