🔊
जनता मिलन में पहुंचे 100 फरियादी, 13 के मौके पर बने आयुष्मान कार्ड; डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश।
सड़क, पानी, राशन, पेंशन और किसान सम्मान निधि समेत जनसमस्याओं पर हुई सुनवाई, डीएम मनीष कुमार ने कहा लापरवाही बर्दाश्त नहीं।
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जनसुनवाई और त्वरित समस्या निस्तारण की पहल के तहत सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 100 आवेदन और शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता मिलन में सड़क, पेयजल, भूमि, राशन कार्ड, पेंशन, पीएम किसान सम्मान निधि, आर्थिक सहायता, बकरी पालन, सुरक्षा दीवार, नाली, सौर स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे। वहीं 13 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए गए।
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता मिलन में ईश्वरी दत्त जोशी, नवीन चंद्र चतुर्वेदी, निर्मल खर्कवाल, बवीता देवी, किशोर सिंह, हेमा देवी, रमेश चंद्र जोशी, नेहा भट्ट, गिरीश चंद्र जोशी, सुरेश सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। डीएम ने मौके से ही संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रीति भट्ट, इंद्रदेव विश्वकर्मा, दलीप सिंह और गोविंद बल्लभ समेत अन्य लोगों ने भी क्षेत्रीय समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। बैठक में एसडीएम विपिन चंद्र पंत, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी विमी जोशी, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, सीईओ मान सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।