🔊
सल्ली-कुकडोनी सड़क और छात्रों के लिए परिवहन की मांग पर ग्रामीणों ने उठाई आवाज, मुख्यमंत्री कार्यालय से मिला आश्वासन
टनकपुर (चंपावत), 2 जून 2025।
ग्राम पंचायत सल्ली कुकडोनी के ग्रामीणों ने सोमवार को मुख्यमंत्री उत्तराखंड के अनुसचिव श्री सुभाष चंद्रा से कैंप कार्यालय चंपावत में मुलाकात की और क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने सल्ली से कुकडोनी मार्ग को शीघ्र प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) में शामिल कर निर्माण कार्य प्रारंभ करवाने की मांग की।
इस दौरान ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बच्चों को इंटर कॉलेज, धोन तक प्रतिदिन 12 से 15 किलोमीटर की कठिन पैदल दूरी तय करनी पड़ती है। ग्रामीणों ने छात्रों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए नियमित सार्वजनिक परिवहन सेवा (वाहन सुविधा) शुरू करने की भी मांग की।
मुख्यमंत्री के अनुसचिव श्री सुभाष चंद्रा ने ग्रामीणों की बात गंभीरता से सुनते हुए उन्हें शीघ्र उचित कार्यवाही और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने सड़क निर्माण को शीघ्र प्राथमिकता में लेकर PMGSY में सम्मिलित करवाने एवं वाहन सेवा की व्यवस्था जल्द करने की बात कही।
ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम प्रधान पूरन सिंह बिष्ट सहित ठाकुर सिंह, रमेश बिष्ट, सुनील बिष्ट, पुष्कर सिंह, तिलक सिंह, बलराम सिंह और शंकर राम आदि ग्रामीण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि शीघ्र ही सल्ली-कुकडोनी की वर्षों पुरानी सड़क और परिवहन की समस्या का समाधान होगा।