🔊
पंचेश्वर पुलिस ने दिखाई मानवता की मिसाल – मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग को परिजनों से मिलवाया
पंचेश्वर (चंपावत)।
जनपद चंपावत की पंचेश्वर पुलिस ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए एक मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग व्यक्ति को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। यह कार्य पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति के निर्देशों के अनुरूप किया गया, जिनका उद्देश्य ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों की मदद करना और उन्हें उनके परिजनों तक पहुंचाना है।
दिनांक 3 जून 2025 को पंचेश्वर थाना क्षेत्र, भारत-नेपाल सीमा के निकट एक वृद्ध व्यक्ति, नाम - कंचन सिंह पुत्र गोपी राम, निवासी ग्राम कोलाहर, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश), उम्र लगभग 65 वर्ष, मानसिक रूप से अस्वस्थ अवस्था में घूमते हुए पाए गए।
पुलिस द्वारा उनसे पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने टूटी-फूटी भाषा में अपने गांव का नाम बताया। प्राप्त जानकारी के आधार पर पंचेश्वर पुलिस ने ओपन इंटरनेट सोर्सेज के माध्यम से ग्राम कोलाहर की विस्तृत जानकारी जुटाई, जिससे यह पुष्टि हुई कि उक्त ग्राम थाना नौझील, जनपद मथुरा के अंतर्गत आता है।
संबंधित थाने से संपर्क कर जानकारी लेने के उपरांत परिजनों से संपर्क किया गया। जब पुलिस ने व्हाट्सएप के माध्यम से फोटो भेजकर पहचान सुनिश्चित की, तो परिजनों ने पुष्टि की कि यह व्यक्ति वास्तव में कंचन सिंह ही हैं, जो पिछले 10-12 वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के चलते इधर-उधर भटकते रहते हैं।
अंततः दिनांक 4 जून 2025 को पंचेश्वर पुलिस द्वारा उक्त बुजुर्ग को सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस का आभार प्रकट किया और उन्हें बुजुर्ग की देखभाल हेतु आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
यह पहल पुलिस की मित्रता, सेवा और सुरक्षा के मूलमंत्र को सार्थक करती है।