🔊
बस अड्डे के शौचालय में महिला ने दिया बच्चे को जन्म, स्वास्थ्य टीम की तत्परता से बची जान
श्रीनगर (उत्तराखंड), 8 जून 2025:
श्रीनगर-कर्णप्रयाग बस अड्डे पर शनिवार सुबह एक अप्रत्याशित घटना घटी, जब एक महिला ने शौचालय में शिशु को जन्म दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोगों और परिवारजनों ने मौके पर पहुँच कर मदद की सूचना दी।
महिला की पहचान ज्योति थापा (21) पत्नी मनीष थापा, निवासी ब्राडी सेन (कर्णप्रयाग) के रूप में हुई है। नेपाली मूल का यह परिवार मजदूरी के कार्य हेतु हिमाचल प्रदेश की ओर यात्रा कर रहा था। जब बस कुछ देर के लिए श्रीनगर बस अड्डे पर रुकी, तो ज्योति शौचालय गईं, जहां अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बस अड्डे पर तैनात स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्परता दिखाई। चिकित्सकों और फार्मासिस्ट की टीम ने मौके पर ही सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से महिला और नवजात को राजकीय जिला चिकित्सालय श्रीनगर भेजा गया, जहां दोनों की स्थिति को स्थिर बताया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते जच्चा-बच्चा की जान बचाई जा सकी, जिसकी सभी ने सराहना की है।
--