🔊
बेरीनाग में सेवा संकल्प अभियान के तहत पंचायत प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित।
बेरीनाग। विकासखंड बेरीनाग के सभागार में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों के क्षमता विकास के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और जिला पंचायत प्रतिनिधियों को उनके कानूनी अधिकारों, प्रशासनिक जिम्मेदारियों तथा वित्तीय प्रबंधन की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम में गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ पूर्व विधायक नारायण राम आर्य, ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नंदन बाफिला, जिला पंचायत सदस्य रितिक पांडे, भावना गड़िया और विमला कपकोटी सहित क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान ई-ग्राम स्वराज पोर्टल, ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के निर्माण और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य गांवों को स्वावलंबी बनाना, सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करना और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पारदर्शी व कुशल कार्यप्रणाली के जरिए गांवों के समग्र विकास का संकल्प लिया।