🔊
जोरावर ट्रेल बाइक रैली पहुंची चंपावत: महिला राइडर्स के साथ गूंजा सेना का शौर्यगीत
चंपावत, 09 जून 2025
भारतीय सेना द्वारा राष्ट्रनायक जनरल जोरावर सिंह की शौर्यगाथा को जन-जन तक पहुंचाने हेतु निकाली गई ‘जोरावर ट्रेल’ बाइक रैली सोमवार को चंपावत पहुंची। बरेली से 8 जून को प्रारंभ हुई यह रैली पंचशूल ब्रिगेड के तत्वावधान में उत्तराखंड के दुर्गम पर्वतीय और सांस्कृतिक स्थलों से होकर गुजर रही है।
चंपावत पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
जिला मुख्यालय स्थित सेना कैंप में रैली का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। लेफ्टिनेंट डीजी मिश्रा ने रैली को अगली यात्रा के लिए हरी झंडी दिखाई।
24 सैनिक राइडर्स के साथ 4 महिला राइडर्स भी शामिल
इस रैली में 24 समर्पित सेना राइडर्स के साथ 4 महिला राइडर्स और स्वयंसेवी प्रतिभागी भी शामिल हैं, जो सामाजिक सहभागिता, राष्ट्रप्रेम और सैन्य शौर्य का संदेश आमजन तक पहुंचा रहे हैं।
ऐतिहासिक स्थलों से होते हुए पिथौरागढ़ तक की यात्रा
रैली 16 जून को पिथौरागढ़ में समाप्त होगी और यह गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब, काली माता मंदिर, ओम पर्वत, आदि कैलाश, पार्वती कुंड और पंचाचूली जैसे महत्वपूर्ण स्थलों से होकर गुजरेगी। इसका उद्देश्य भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक व प्राकृतिक विरासत के प्रति जागरूकता फैलाना है।
सेना के अधिकारियों ने क्या कहा
लेफ्टिनेंट मिश्रा ने बताया कि यह रैली सैन्य परंपरा, सेवा, बलिदान व देशभक्ति की प्रतीक है। महिला राइडर्स की सक्रिय भागीदारी से सैन्य अभियानों में महिलाओं की सशक्त उपस्थिति का भी सशक्त संदेश गया है।
सम्मान और सहभागिता
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों, उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं को सम्मानित किया गया। एसडीएम अनुराग आर्या, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी उमेद सिंह, सेनि. कर्नल भवानी दत्त जाशी, डॉ. आनंद गुसाईं समेत सेना अधिकारी, एनसीसी कैडेट्स और स्थानीय छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यह रैली केवल एक बाइक यात्रा नहीं, बल्कि वीरता, एकता और राष्ट्रगौरव का जीवंत अभियान है – एक प्रेरणा, जो नई पीढ़ी को सेवा और समर्पण की भावना से जोड़ती है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: