🔊
उत्तराखंड - गौरीकुंड में बड़ा हादसा: केदारनाथ से फाटा जा रहा हेलिकॉप्टर क्रैश, पांच लोगों की मौत
खराब मौसम बना हादसे की वजह, SDRF-NDRF मौके पर रवाना
रुद्रप्रयाग, 15 जून 2025।
चारधाम यात्रा के दौरान आज सुबह उत्तराखंड में बड़ा हादसा हो गया। केदारनाथ धाम से फाटा की ओर आ रहा एक हेलिकॉप्टर गौरीकुंड क्षेत्र में क्रैश हो गया, जिसमें सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं प्रशासन व राहत एजेंसियां मौके की ओर रवाना हो गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आर्यन एविएशन कंपनी का यह हेलिकॉप्टर आज रविवार सुबह करीब 5:30 बजे के आसपास गौरीकुंड के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक कारण खराब मौसम बताया जा रहा है। घटनास्थल पर पहुंचने के लिए एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीमें रवाना कर दी गई हैं।
घास काट रहीं महिलाओं ने दी सूचना
हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की सूचना घास काट रहीं नेपाली मूल की महिलाओं द्वारा दी गई। उन्होंने धमाके और धुएं की आवाज सुनकर प्रशासन को तत्काल सूचना पहुंचाई। इसके बाद हेलिकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने हेलिकॉप्टर दुर्घटना की पुष्टि की।
पहाड़ों में फिर उठे सवाल
चारधाम यात्रा के दौरान पहले भी हेलिकॉप्टर सेवाओं पर सवाल उठते रहे हैं। खराब मौसम में उड़ानों को लेकर कई बार सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है, लेकिन इस बार फिर मौसम की अनदेखी भारी पड़ गई। हादसे में मारे गए यात्रियों की शिनाख्त और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
सरकार और प्रशासन अलर्ट
हादसे के तुरंत बाद राज्य सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है। मुख्यमंत्री कार्यालय स्थिति पर नजर बनाए हुए है और रेस्क्यू ऑपरेशन को प्राथमिकता पर चलाया जा रहा है