🔊
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र, मंत्री रेखा आर्य करेंगी वर्चुअल वितरण
चंपावत, 18 जून 2025, सूवि।
जनपद चंपावत में चयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को अब उनके नियुक्ति पत्र मिलने जा रहे हैं। इसके लिए दिनांक 19 जून 2025 को अपराह्न 2:00 बजे, जिला सभागार, चंपावत में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगी उत्तराखंड शासन की मा. मंत्री, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, श्रीमती रेखा आर्य, जो इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से चंपावत की नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगी।
कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम उठाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण, बाल विकास और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर सभी प्रेस प्रतिनिधियों व मीडिया बंधुओं को सादर आमंत्रित किया गया है, ताकि वे इस महत्वपूर्ण क्षण के साक्षी बन सकें और इसे जनमानस तक पहुंचा सकें।
यह कार्यक्रम चंपावत जिले में स्थानीय प्रशासन व महिला सशक्तिकरण विभाग के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है, जो क्षेत्र में बेहतर बाल देखभाल और पोषण सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।