🔊
चम्पावत: एससीपी योजना के तहत 25 महिलाओं को ऐपण शिल्प में प्रशिक्षण, स्वरोजगार और संस्कृति संरक्षण की दिशा में कदम
चम्पावत, 27 जून 2025 (सूवि)।
जिला उद्योग केन्द्र, चम्पावत द्वारा अनुसूचित जाति उपयोजना (SCP) के अंतर्गत विकासखण्ड लोहाघाट में अनुसूचित जाति की 25 महिलाओं को मानदेय सहित 48 दिवसीय "जी.आई. टैग प्राप्त ऐपण क्राफ्ट" का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण एक अनुभवी मास्टर क्राफ्ट्समैन की देखरेख में संचालित हो रहा है।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को पारंपरिक ऐपण शिल्प की दक्षता प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना है। साथ ही यह पहल उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर ऐपण कला के संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी महिलाएं विभिन्न प्रकार के आकर्षक और व्यावसायिक उत्पादों जैसे सोवेनियर, उपहार सामग्री व सजावटी वस्तुएं तैयार कर रही हैं, जिनकी बाजार में अच्छी मांग है।
जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री पंकज तिवारी ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण के उपरांत इन महिलाओं को जिला एवं राज्य स्तर पर आयोजित मेलों व प्रदर्शनियों में प्रतिभाग का अवसर प्रदान किया जाएगा, जिससे उनके उत्पादों को विपणन मंच मिल सकेगा और स्थायी आय के स्रोत विकसित हो सकेंगे। विभाग द्वारा ब्रांडिंग एवं विपणन में भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: