🔊
महेंद्र भट्ट दूसरी बार बने उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष, रचा इतिहास
देहरादून, 01 जुलाई 2025
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए महेंद्र भट्ट को लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। मंगलवार को हुई प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा ने भट्ट के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा की। इसी के साथ वे प्रदेश संगठन का नेतृत्व संभालने वाले पहले ऐसे नेता बन गए हैं जिन्हें लगातार दूसरी बार यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। भट्ट भाजपा के 10वें प्रदेश अध्यक्ष बने हैं।
केवल भट्ट ने किया था नामांकन
सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में अध्यक्ष पद हेतु नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी। इस दौरान केवल महेंद्र भट्ट ने ही नामांकन किया था। नामांकन पत्र प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास को सौंपा गया। नामांकन के पांच सेट दाखिल किए गए, जिन पर 10 वरिष्ठ नेताओं ने प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए।
नामांकन के मुख्य प्रस्तावक:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा
नैनीताल सांसद अजय भट्ट
अन्य प्रमुख प्रस्तावकों में डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, नरेश बंसल, कल्पना सैनी, माला राज्यलक्ष्मी शाह, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, बिशन सिंह चुफाल, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, महंत दिलीप सिंह रावत आदि शामिल रहे।
राष्ट्रीय परिषद सदस्य घोषित
प्रदेश संगठन चुनाव के अंतर्गत राष्ट्रीय परिषद सदस्य पद के लिए भी नामों की घोषणा हुई। चुने गए नेताओं में शामिल हैं:
डॉ. धन सिंह रावत (कैबिनेट मंत्री)
अजय टम्टा (केंद्रीय मंत्री)
डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, माला राज्यलक्ष्मी शाह, कल्पना सैनी, अजय भट्ट
नेताओं की प्रतिक्रियाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि
महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में संगठन ने मजबूती पाई है। हमें हर चुनाव में विजय मिली है। उनका अनुभव संगठन के लिए अमूल्य है।
वहीं अनिल बलूनी ने कहा:
भाजपा अकेली ऐसी पार्टी है जो बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक लोकतांत्रिक चुनाव की प्रक्रिया अपनाती है। संगठन पर्व के तहत यह महत्वपूर्ण घोषणा की गई है।
संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक
महेंद्र भट्ट की दोबारा ताजपोशी भाजपा में उनके बढ़ते कद और संगठन में विश्वास का प्रमाण मानी जा रही है। उनके नेतृत्व में पार्टी ने जमीनी स्तर पर मजबूती हासिल की है और कार्यकर्ताओं को संगठित कर मजबूत आधार बनाया है।