🔊
कैलाश मानसरोवर यात्रा 2025 की नई शुरुआत: टनकपुर में प्रथम दल का पारंपरिक स्वागत
चंपावत, 04 जुलाई 2025, सूवि।
देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरती पर एक बार फिर अध्यात्म और लोकसंस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब कैलाश मानसरोवर यात्रा 2025 के प्रथम दल का टनकपुर में भव्य स्वागत किया गया। पर्यटन आवास गृह टनकपुर में ढोल-दमाऊ की थाप और बम-बम भोले के जयघोष के बीच छोलिया नृत्य दल की रंगारंग प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। पारंपरिक परिधानों में सजी बालिकाओं ने श्रद्धालुओं का तिलक कर आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर माल्यार्पण किया।
प्रथम दल में देशभर से कुल 45 यात्री शामिल हैं – जिनमें 32 पुरुष एवं 13 महिलाएं हैं। यात्रियों की राज्यवार संख्या इस प्रकार है:
छत्तीसगढ़ – 1, दिल्ली – 7, गुजरात – 11, जम्मू एवं कश्मीर – 2, मध्यप्रदेश – 3, महाराष्ट्र – 5, राजस्थान – 6, तमिलनाडु – 2, तेलंगाना – 1, उत्तर प्रदेश – 4, उत्तराखंड – 2, पश्चिम बंगाल – 1।
श्रद्धालुओं ने टनकपुर में मिले स्वागत को स्मरणीय बताते हुए यात्रा की शुरुआत को एक आध्यात्मिक सौगात कहा। गुजरात के सौम्य पटेल ने हार्दिक स्वागत के लिए आभार जताया, तो राजस्थान के राजेश कुमार (69 वर्ष) ने व्यवस्थाओं की सराहना की। तमिलनाडु की लेहरी देवी (60 वर्ष) ने इसे अद्भुत आध्यात्मिक अहसास कहा, वहीं गुजरात के किशोर शाह (69 वर्ष) ने भारत सरकार और उत्तराखंड के लोगों के प्रति आभार प्रकट किया।
रात्रि में यात्रियों के लिए उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति से जुड़ी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पारंपरिक लोकगीत व लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
कोविड-19 महामारी के कारण वर्ष 2019 से स्थगित कैलाश मानसरोवर यात्रा को इस वर्ष पुनः प्रारंभ किया गया है। कल दिनांक 05 जुलाई 2025 को माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं टनकपुर से प्रथम दल को विधिवत रूप से रवाना करेंगे।
स्वागत समारोह में केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, कुमाऊँ मंडल विकास निगम के जीएम विजय नाथ शुक्ल, उपजिलाधिकारी टनकपुर आकाश जोशी, मुख्यमंत्री प्रतिनिधि दीपक रजवार, नगर पंचायत बनबसा की अध्यक्ष रेखा देवी, तथा मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय प्रभारी केदार सिंह बृजवाल सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: