🔊
टनकपुर में DRUG FREE DEVBHOMI अभियान के तहत नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण
चंपावत 04 जुलाई 2025
DRUG FREE DEVBHOMI – ड्रग फ्री उत्तराखंड अभियान के अंतर्गत जनपद चंपावत में नशे के खिलाफ जारी जनजागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज क्षेत्राधिकारी टनकपुर सुश्री वंदना वर्मा द्वारा युवा कल्याण नशा मुक्ति केंद्र बनबसा का भौतिक निरीक्षण किया गया।
यह निरीक्षण पुलिस अधीक्षक चंपावत के निर्देशानुसार किया गया जिनके अनुसार जनपद में सक्रिय नशा मुक्ति केंद्रों की भौतिक स्थिति की जानकारी लेने के साथ-साथ नशे के खिलाफ निरंतर जनसंपर्क और जागरूकता अभियान चलाया जाना है।
निरीक्षण के दौरान सबसे पहले नशा पीड़ित व्यक्तियों से संवाद कर उनकी व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। सभी व्यक्तियों ने बताया कि उन्हें वर्तमान में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। तत्पश्चात केंद्र की रजिस्ट्रेशन प्रणाली मैस बैरक शौचालय आदि का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने और सामान्य जीवन की ओर लौटने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर थानाध्यक्ष बनबसा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि केंद्र में वेंटिलेशन की कमी है। कमरे छोटे हैं और छतें नीची हैं जिससे शुद्ध वायु के आने-जाने में कठिनाई होती है। यह स्थिति सुधार हेतु संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजे जाने की आवश्यकता महसूस की गई।
वर्तमान में नशा मुक्ति केंद्र बनबसा में कुल 27 व्यक्ति उपचाररत हैं जो विभिन्न प्रकार की मादक दवाओं की लत से छुटकारा पाने हेतु चिकित्सा एवं परामर्श प्राप्त कर रहे हैं।
यह निरीक्षण ड्रग फ्री उत्तराखंड अभियान के तहत जनपद में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे मिशन को नई गति प्रदान करता है।