🔊
टनकपुर से शिवधाम की ओर पहला कदम: मुख्यमंत्री धामी ने किया कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ
चंपावत, 05 जुलाई 2025 (सूवि)।
उत्तराखंड के टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रथम दल को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने पारंपरिक विधि से शुभकामनाएं देते हुए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने यात्रियों का पारंपरिक स्वागत करते हुए उन्हें उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े स्मृति चिह्न भी भेंट किए।
टनकपुर स्थित पर्यटन आवास गृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री धामी ने विभिन्न राज्यों से आए 45 श्रद्धालुओं से संवाद कर उनका देवभूमि उत्तराखंड में हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर की यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक और आध्यात्मिक जागरण का पथ है। यह यात्रा शिव से साक्षात्कार का माध्यम है, जो अब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में कहीं अधिक सहज और सुरक्षित बन गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने हेतु प्रत्येक पड़ाव पर स्वास्थ्य, आवास, भोजन, सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी यात्रियों की मंगलमय यात्रा की कामना की।
यात्रा दल में कुल 45 यात्री शामिल हुए, जिनमें 32 पुरुष और 13 महिलाएं थीं। यात्रियों की राज्यवार संख्या इस प्रकार रही –
गुजरात: 11
दिल्ली: 7
राजस्थान: 6
महाराष्ट्र: 5
उत्तर प्रदेश: 4
मध्यप्रदेश: 3
उत्तराखंड: 2
जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु: 2-2
छत्तीसगढ़, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल: 1-1
मुख्यमंत्री श्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड की धरती के कण-कण में शिव का वास है। यह यात्रा अब केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि आध्यात्मिक संकल्प का प्रतीक बन चुकी है।
इस शुभ अवसर पर कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल, कैलाश मानसरोवर यात्रा के जनसंपर्क अधिकारी संजय गुंजियाल (IPS), कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, चंपावत व पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी क्रमशः मनीष कुमार और विनोद गोस्वामी, एसपी चंपावत अजय गणपति, उपजिलाधिकारी टनकपुर आकाश जोशी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं ने उत्तराखंड सरकार की यात्रा प्रबंधन एवं चंपावतवासियों के आत्मीय स्वागत की सराहना करते हुए इसे अविस्मरणीय अनुभव बताया।