🔊
गर्व का पल- UKPSC परीक्षा में चम्पावत की कल्पना ने पाई तीसरी रैंक, बनी असिस्टेंट प्रोफेसर
चंपावत।
उत्तराखंड के चंपावत जिले के लोहाघाट ब्लॉक अंतर्गत गुमदेश क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटी कल्पना ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य में तीसरी रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के चलते कल्पना को असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्ति मिली है।
कल्पना की शैक्षणिक यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही है। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा राजकीय विद्यालय से प्राप्त की और इंटरमीडिएट परीक्षा जीजीआईसी लोहाघाट से उत्तीर्ण की। इसके पश्चात उन्होंने लोहाघाट महाविद्यालय से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। नेट (NET) परीक्षा की तैयारी भी कल्पना ने घर पर रहकर ही की और सफलता अर्जित की।
वर्तमान में कल्पना लोहाघाट महाविद्यालय की प्राध्यापिका डॉ. अर्चना त्रिपाठी के मार्गदर्शन में पीएच.डी. कर रही हैं।
कल्पना के पिता निर्मल कुमार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय इजड़ा में सहायक अध्यापक हैं, जबकि माता मुन्नी देवी राजकीय प्राथमिक विद्यालय कॉलोनी में सहायक अध्यापिका के रूप में कार्यरत हैं। वहीं उनके पति हिमांशु, जो कि वर्गोली चमदेवल के निवासी हैं, वर्तमान में राजकीय पॉलिटेक्निक ताकुला में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं।
कल्पना ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, सास-ससुर और पति को देते हुए कहा कि उनका निरंतर सहयोग और आशीर्वाद ही उनकी प्रेरणा शक्ति रहा।
???? यह सफलता न केवल गुमदेश बल्कि पूरे चंपावत जिले के लिए गर्व का विषय है।