🔊
उत्तराखंड - पत्नी ने प्रेमी संग रची हत्या की साजिश, पुलिस ने किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा
डोईवाला, देहरादून – 09 जुलाई 2025
डोईवाला क्षेत्र में प्रेम संबंधों के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की नृशंस हत्या कर दी। हत्या को दुर्घटना और गुमशुदगी का रूप देने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की सूझबूझ और तकनीकी जांच के चलते हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया।
शराब में मिलाया जहर, फिर सिर नदी में डुबो कर दी हत्या
जानकारी के अनुसार, उज्जवल कॉलोनी, बालावाला गूलरघाटी रोड निवासी हेमलता ने अपने प्रेमी गुफरान (निवासी नकरौंदा, डोईवाला) के साथ मिलकर पति नरेन्द्र सिंह की हत्या की साजिश रची थी। गुफरान ने हेमलता के कहने पर नरेंद्र को सौंग नदी किनारे शराब पिलाने के बहाने बुलाया। जहां उसने शराब में चुपके से चूहे मारने की दवा मिला दी। नशा होने पर नरेन्द्र लड़खड़ाकर नदी में गिर पड़ा, जिसके बाद गुफरान ने उसका सिर पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी और शव नदी में फेंक दिया।
हत्या के तीन दिन बाद दर्ज कराई गुमशुदगी
हत्या के बाद साजिश के तहत हेमलता ने 28 जून को डोईवाला कोतवाली में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। लेकिन 01 जुलाई को गूलरघाटी नदी से एक अज्ञात शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान नरेन्द्र सिंह के रूप में की गई।
सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से टूटा केस
मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने जब गहन जांच शुरू की तो कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मोबाइल कॉल डिटेल तथा लोकेशन की पड़ताल की गई। जांच में गुफरान की भूमिका संदिग्ध पाई गई और जब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
हेमलता लाई थी ज़हर की पुड़िया
पुलिस के अनुसार चूहे मारने की दवा हेमलता ने खुद खरीदी थी और वह दवा गुफरान को देकर नरेंद्र की शराब में मिलवाई गई। इस पूरे षड्यंत्र की मास्टरमाइंड हेमलता ही थी।
गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत
डोईवाला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों — हेमलता और गुफरान — को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय के आदेशानुसार दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की सतर्कता से हुआ खुलासा
डोईवाला पुलिस की तकनीकी दक्षता, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यह गुत्थी सुलझ सकी, जिससे एक और अंधे हत्याकांड का सफलतापूर्वक खुलासा हो गया।