🔊
उत्तराखंड - तूफान बना काल - स्कूल से लौटते समय पेड़ की चपेट में आए दो मासूम, मौके पर मौत, पूरा गांव शोक में डूबा
नैल (भिलंगना ब्लॉक), टिहरी:
शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने नैल गांव को गहरे शोक में डुबो दिया। स्कूल से लौटते समय दो छात्र-छात्रा तूफान में टूटे पेड़ के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
राजकीय इंटर कॉलेज घुमेटीधार से कक्षा 10 के छात्र आरव बिष्ट (16) और कक्षा 9 की छात्रा मानसी (14), स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। गांव से महज 200 मीटर दूर पहुंचे ही थे कि अचानक तेज तूफान आया और एक भारी-भरकम चीड़ का पेड़ उन पर गिर पड़ा।
उनके साथ चल रहे अन्य छात्र-छात्राओं ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और गांव में हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया। शवों की स्थिति अत्यंत क्षत-विक्षत थी, जिसके चलते मौके पर ही पोस्टमार्टम किया गया और शव परिजनों को सौंप दिए गए।
आरव के पिता देहरादून में होटल कर्मचारी हैं और मानसी के पिता गुजरात में कार्यरत हैं। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है, और गांव में गहरा मातम पसरा हुआ है। बच्चों के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर मौके पर ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।