🔊
रीठा साहिब क्षेत्र में 5 बीघा में हो रही अवैध भांग की खेती नष्ट, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत चम्पावत पुलिस की बड़ी सफलता
चम्पावत, 13 जुलाई 2025।
जनपद चम्पावत में नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान और आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2025 को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में थाना रीठा साहिब क्षेत्रांतर्गत डांडा ककनई गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 5 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध भांग की खेती का विनष्टीकरण किया है।
यह कार्रवाई 12 जुलाई 2025 को पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्री अजय गणपति के दिशा-निर्देशन में की गई। पुलिस अधीक्षक ने हाल ही में हुई अपराध गोष्ठी में जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।
अवैध भांग की खेती की सूचना मिलने पर थाना रीठा साहिब पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर समूची फसल को मौके पर ही नष्ट किया गया। इस कार्रवाई में निम्न पुलिस अधिकारी शामिल रहे:
SO कमलेश भट्ट
HC विक्रम सिंह
HC बलवीर सिंह
कांस्टेबल संदीप बोहरा
कांस्टेबल कुंदन सिंह
पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियानों को लगातार अंजाम दिया जाएगा।