🔊
पिथौरागढ़: मुवानी क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, 8 लोगों की मौके पर मौत, 3 गंभीर घायल, थल-बोकटा मार्ग पर बोलेरो वाहन खाई में गिरा, रेस्क्यू कार्य जारी
पिथौरागढ़, 15 जुलाई 2025
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों में दो स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब मुवानी कस्बे से बोकटा की ओर जा रही एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
सूत्रों के अनुसार, यह हादसा शाम करीब 5 बजे जिला मुख्यालय से लगभग 52 किलोमीटर दूर हुआ। जैसे ही वाहन खाई में गिरा, मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और रेस्क्यू कार्य में जुट गए। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने घायलों को नदी से निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया और फिर जिला अस्पताल भेजा।
तीन लोग गंभीर रूप से घायल, सभी मृतक बोकटा गांव के निवासी
हादसे में घायल तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक बोकटा गांव के रहने वाले हैं। दुर्घटना की खबर मिलते ही बोकटा गांव में कोहराम मच गया है। पीड़ितों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा:
> जनपद पिथौरागढ़ के मुवानी क्षेत्र में वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं, सभी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।
रेस्क्यू अभियान देर शाम तक जारी
प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से देर शाम तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक तौर पर सड़क की खराब स्थिति और तीखे मोड़ को हादसे का कारण माना जा रहा है।