🔊
स्वच्छता समिति कर्मचारियों की मांगें मानी गईं, हड़ताल समाप्त, बनबसा नगर पंचायत में फिर बहाल हुई स्वच्छता व्यवस्था, कर्मचारियों ने संभाला कार्यभार
चंपावत, 16 जुलाई 2025 | सूचना विभाग
नगर पंचायत बनबसा में देवभूमि उत्तराखंड स्थाई कर्मचारी संघ, शाखा बनबसा द्वारा अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त कर दी गई है।
अधिशासी अधिकारी ने जानकारी दी कि जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देश पर संगठन के प्रतिनिधियों के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद अधिकतर मांगों पर सहमति बन गई है। इसके उपरांत सभी कर्मचारियों ने पुनः कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
मुख्य मांगें और समाधान
संघ की प्रमुख मांगों में स्वच्छता समिति के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को सीधा बैंक खाते में मानदेय हस्तांतरण और ईपीएफ भुगतान शामिल था। इस संबंध में बताया गया कि निदेशालय स्तर से आदेश प्राप्त हो चुका है, और आगामी माह से मानदेय सीधे खातों में भेजा जाएगा। साथ ही ईपीएफ भी नियमानुसार जमा किया जाएगा।
पर्यावरण मित्रों के लिए अलग आवास योजना पर कार्य प्रारंभ
पर्यावरण मित्रों के लिए पृथक आवास सुविधा की मांग पर अधिशासी अधिकारी ने बताया कि योजना तैयार की जा रही है जिससे उन्हें दीर्घकालिक सुविधा प्राप्त हो सके।
लंबित बकाया भुगतान पर जल्द कार्रवाई
पूर्व ठेकेदार के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के दो माह के लंबित मानदेय का भुगतान भी शीघ्र कराया जाएगा। इसके लिए ठेकेदार को वार्ता के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
नगर में स्वच्छता व्यवस्था बहाल
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने से नगर की स्वच्छता व्यवस्था फिर से सुचारु हो गई है, जिससे आमजन को राहत मिली है। उन्होंने संगठन के साथ भविष्य में भी समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही।