🔊
कार्यालय में नशा करते पकड़े गए कनिष्ठ सहायक दिनेश चंद्र निलंबित
चंपावत, 17 जुलाई 2025 | सूवि।
जिला पंचायतराज अधिकारी कार्यालय, चंपावत में कार्यरत कनिष्ठ सहायक दिनेश चंद्र को कार्यालय अवधि में मद्यपान करते पकड़े जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह घटना 10 जुलाई की है, जब वे नशे की हालत में कार्यालय में उपस्थित थे।
सूचना मिलते ही कोतवाली चंपावत द्वारा उन्हें चिकित्सीय परीक्षण हेतु जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ डॉ. गौरांग जोशी की रिपोर्ट में उनके मद्यपान की पुष्टि हुई। पुलिस ने उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत ₹500 का जुर्माना भी लगाया।
मामले में जिला पंचायतराज अधिकारी श्री भूपेंद्र आर्य ने उत्तराखंड सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 2003 की धारा 4(1) के तहत दिनेश चंद्र को निलंबित करते हुए उन्हें मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय, चंपावत से संबद्ध किया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्यस्थल पर अनुशासनहीनता, विशेष रूप से नशे की हालत में कार्य करना, बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।