🔊
नीटू हत्याकांड - मीट काटने वाले चापड़ से किए कई वार, जमीन हथियाने के लिए भाभी ने प्रेमी से करवाई देवर की हत्या
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के डालूवाला-मजबता में हुई युवक नीटू की हत्या के पीछे उसकी ही भाभी सोनिया निकली। पुलिस ने इस हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए सोनिया, उसके प्रेमी छोटा और उसके दोस्त अकबर को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के लिए चापड़, मोपेड सहित पूरी योजना तैयार की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि 18 जुलाई को नीटू का शव झाड़ियों में मिला था। उसकी पहचान खालाटीरा निवासी के रूप में हुई।
हत्या की वजह: लालच और अवैध संबंध
जांच में सामने आया कि सोनिया का अपने देवर नीटू से रास्ता हटवाने और अपनी ससुराल की जमीन हड़पने का मकसद था। साथ ही वह अपने प्रेमी छोटा से मिलने के लिए भी आज़ादी चाहती थी। सोनिया के पति ने घर और जमीन बेचकर उसे और बच्चों को लेकर हैदराबाद शिफ्ट कर लिया था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी छोटा ने बताया कि उसका सोनिया से दो साल पहले फेरी के दौरान परिचय हुआ था। दोनों में धीरे-धीरे नजदीकी बढ़ी। सोनिया ने वादा किया कि अगर छोटा नीटू को खत्म कर दे, तो वह गांव लौट आएगी और दोनों मिल सकेंगे। इसके बदले में 5 लाख रुपये देने का लालच दिया गया।
हत्या की पूरी प्लानिंग: फोन कर बुलाया और जंगल में मार डाला
17 जुलाई की रात, छोटा ने गांव के जावेद का फोन लेकर नीटू को कॉल किया। उसे बताया कि एक ठेकेदार से पैसे लेने डालूवाला मजबता चलना है। नीटू अपनी मोपेड से छोटा के साथ चला, अकबर भी पीछे बैठा था। जंगल के पास मोपेड रुकवाकर अकबर ने नीटू के सिर पर चापड़ से वार किया। फिर छोटा ने भी उस पर चार-पांच वार कर दिए।
सबूत: कॉल डिटेल, CCTV, बरामद चापड़ और मोपेड
पुलिस ने मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल खंगाले। आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त चापड़ और मोपेड बरामद कर ली गई है। सभी तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।