🔊
उत्तराखंड -सभी परिवारों को रोजगार से जोड़ा जाएगा हर विकासखंड में बनेगा आदर्श गांव, ग्रामीण आजीविका को मिलेगा नया आयाम: मुख्यमंत्री धामी
देहरादून, 22 जुलाई 2025।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के प्रत्येक विकासखंड में एक-एक आदर्श गांव विकसित किया जाएगा। इन गांवों में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सभी परिवारों को रोजगार से जोड़ने की ठोस व्यवस्था की जाएगी। सोमवार को सचिवालय में ग्राम्य विकास विभाग की गेम चेंजर योजनाओं की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2030 तक 'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड का टर्नओवर ₹100 करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए उत्पादों का यूनिटी मॉल के माध्यम से विपणन किया जाएगा और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच के लिए रणनीतिक प्रयास किए जाएंगे।
ग्रामीण महिलाएं बन रहीं ‘लखपति दीदी’
समीक्षा बैठक में ग्राम्य विकास सचिव राधिका झा ने जानकारी दी कि अब तक 1.65 लाख महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाया जा चुका है। अगले तीन वर्षों में एक लाख और महिलाओं को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के संसाधनों को बढ़ावा देने के साथ-साथ रिवर्स पलायन करने वालों को हर संभव सहयोग दिया जाए। उन्होंने डोर-स्टेप डिलीवरी सिस्टम को मजबूत करने और ग्रोथ सेंटरों को कौशल विकास से जोड़ने पर बल दिया।
ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा
मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत अगले तीन वर्षों में 15 हजार ग्रामीण उद्यमों को सहायता प्रदान की जाएगी।
हाउस ऑफ हिमालयाज के तहत राज्य के 150 से अधिक उत्पादों को चरणबद्ध तरीके से शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए ताकि वे वैश्विक प्रतिस्पर्धा में टिक सकें।