🔊
दर्दनाक हादसा: घास लेने गई महिला की पहाड़ी से गिरकर मौत
टिहरी गढ़वाल, 22 जुलाई 2025
टिहरी गढ़वाल जनपद के ग्राम पंचायत जोगततला (मात्रीधार) से एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है। यहां की निवासी बसंती देवी पत्नी श्री बीर सिंह राणा की सोमवार को पहाड़ी से गिरने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसंती देवी रोज़ की तरह घास लेने के लिए पास की पहाड़ियों की ओर गई थीं। इस दौरान उनका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरी ढलान पर गिर पड़ीं। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचित किया। परिवार पर इस हादसे के बाद शोक का पहाड़ टूट पड़ा है। बसंती देवी के आकस्मिक निधन से गांव में शोक की लहर है।
स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम को भी मामले की जानकारी दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और मदद देने की मांग की है।