🔊
गढ़वाल राइफल्स के जवान बीरेंद्र सिंह का दुर्घटना में निधन, सीएम धामी ने जताया शोक
चमोली, 25 जुलाई 2025
उत्तराखंड के चमोली जनपद से दुखद समाचार सामने आया है। गढ़वाल राइफल्स में तैनात जवान बीरेंद्र सिंह का एक हादसे में असामयिक निधन हो गया है। बीरेंद्र सिंह देवाल विकासखंड के चौड़ गांव के निवासी थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
जवान बीरेंद्र सिंह की असामयिक मृत्यु की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। चौड़ गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं।
इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वीर जवान बीरेंद्र सिंह की सेवा और समर्पण को राज्य कभी नहीं भूलेगा। सीएम धामी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
गढ़वाल राइफल्स के इस जांबाज सपूत को क्षेत्रवासियों द्वारा भावभीनी श्रद्धांजलि दी जा रही है। प्रशासन और सेना द्वारा अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया जा रहा है।