🔊
नेहरू पार्क टनकपुर की बदहाली उजागर: बरसात में घास-जंगल में तब्दील, सांप-बिच्छू निकलने से खतरा बढ़ा
टनकपुर, 27 जुलाई 2025
नगर क्षेत्र टनकपुर का ऐतिहासिक और प्रमुख सार्वजनिक स्थल नेहरू पार्क इन दिनों प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। बरसात के इस मौसम में पार्क की घास इतनी बढ़ चुकी है कि सांप-बिच्छू निकलने लगे हैं, जिससे सुबह टहलने आने वाले लोगों और बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, घास की नियमित कटाई नहीं करवाई जा रही, जबकि यह स्थान शहर के बीचोंबीच स्थित है और बच्चों व बुजुर्गों के लिए एकमात्र सार्वजनिक पार्क है।
सबसे चिंताजनक स्थिति बच्चों के झूलों वाले क्षेत्र की है, जहां पिछले एक साल से लाइट की व्यवस्था ठप पड़ी है। अंधेरे के कारण शाम और सुबह के समय वहां जाना खतरनाक बन चुका है। स्थानीय प्रशासन और नगरपालिका के बीच जिम्मेदारी तय करने के बजाय दोषारोपण का दौर चल रहा है, जिससे स्थिति जस की तस बनी हुई है।
फोटो सुबह 5:30 बजे की हैं, जिसमें स्पष्ट रूप से उगी घनी झाड़ियाँ और जर्जर हालत देखी जा सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल घास कटवाने, लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने और साफ-सफाई करवाने की मांग की है।
नगरपालिका अध्यक्ष या अधिशासी अधिकारी से इस संदर्भ में संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन सम्पर्क नहीं हो पाया।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: