🔊
उत्तराखंड: भयंकर बाढ़, कई लोगों के दबने की आशंका, धराली गांव में तबाही, मची चीख -पुकार
उत्तरकाशी, 05 अगस्त 2025
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक बार फिर जनजीवन को संकट में डाल दिया है। उत्तरकाशी जनपद के धराली गांव स्थित खीरगंगा क्षेत्र में मंगलवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ से इलाके में तबाही मच गई है। पानी और मलबे के सैलाब ने कई घरों और होटलों को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है, वहीं धराली बाजार पूरी तरह तबाह हो चुका है। कई होटल और दुकानें बह गई हैं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। सैलाब की चपेट में आकर पूरे गांव में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई।
रेस्क्यू कार्य जारी:
घटना की सूचना मिलते ही भारतीय सेना की हर्षिल यूनिट, उत्तरकाशी पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों को तुरंत भटवाड़ी और प्रभावित इलाकों के लिए रवाना कर दिया गया है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है, लेकिन भारी बारिश और भू-स्खलन के चलते मार्गों में अवरोध बना हुआ है।
बडकोट तहसील में भी नुकसान:
इसी बीच, उत्तरकाशी जनपद के ही बडकोट तहसील क्षेत्र के बनाल पट्टी में भारी वर्षा के चलते कुड गदेरे में अचानक बाढ़ आ गई, जिसमें करीब डेढ़ दर्जन बकरियां बह गईं। ग्रामीणों में भय का माहौल है और प्रशासन को सूचना दे दी गई है।
10 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट:
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. रोहित थपलियाल ने बताया कि प्रदेशभर में 10 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों- जैसे उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, और पिथौरागढ़ - में तेज बारिश और भूस्खलन के खतरे बने हुए हैं।
सावधानी के चलते स्कूल बंद:
संभावित आपदा को देखते हुए देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिलों में मंगलवार को स्कूल बंद रखे गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरी कार्य घरों से बाहर न निकलें और नदी-नालों के पास न जाएं।