🔊
नैनीताल जिला पंचायत चुनाव में हाई ड्रामा - वोट गिनती कड़ी सुरक्षा में पूरी, नतीजे सीलबंद; मतदान के बीच 5 सदस्यों के अपहरण से मचा बवाल, मामला हाईकोर्ट में
नैनीताल, 15 अगस्त 2025।
नैनीताल जिला पंचायत चुनाव की वोट गिनती शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा और वीडियोग्राफिंग के बीच संपन्न हुई। 22 जिला पंचायत सदस्यों के वोटों की गिनती के बाद परिणामों को सीलबंद लिफाफे में रखकर हाईकोर्ट के निर्देशानुसार सुरक्षित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नियमावली में री-पोलिंग का प्रावधान न होने के कारण सीधे काउंटिंग हुई। केवल बूथ कैप्चरिंग, तकनीकी खामी या बैलेट बॉक्स को नुकसान होने पर ही री-पोलिंग संभव है। सीलबंद परिणाम 18 अगस्त को हाईकोर्ट में पेश किए जाएंगे।
मतदान के दौरान अपहरण की सनसनीखेज घटना
गुरुवार को अध्यक्ष पद के मतदान के दौरान बड़ा हंगामा तब हुआ जब कांग्रेस समर्थित पांच जिला पंचायत सदस्यों का अपहरण कर लिया गया। घटना जिला पंचायत कार्यालय के पास हुई, जब कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश और पूर्व विधायक संजीव आर्य के साथ कुछ सदस्य मतदान के लिए जा रहे थे। तभी लगभग 10–12 अज्ञात लोग रंग-बिरंगी बरसाती पहने पहुंचे और सदस्यों के साथ मारपीट कर उन्हें 100 मीटर तक घसीटते हुए एक वाहन में डालकर फरार हो गए।
इस घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने हंगामा करते हुए भाजपा और पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया तथा चुनाव का बहिष्कार कर दिया। मतदान बीच में ही रुक गया और मामला सीधे हाईकोर्ट पहुंचा। कोर्ट के आदेश पर पुलिस सुरक्षा के बीच कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी समेत 10 सदस्यों ने मतदान किया, लेकिन अपहृत पांच सदस्यों का देर शाम तक कोई पता नहीं चला।
उम्मीदवार आमने-सामने
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से दीपा दरमवाल और कांग्रेस से पुष्पा नेगी के बीच मुकाबला था। चुनाव को लेकर जिला पंचायत कार्यालय के 500 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू कर बैरिकेडिंग की गई थी। मालरोड और आसपास के क्षेत्रों में यातायात डायवर्ट कर दिया गया था, और नैनीताल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया था।
एफआईआर और जांच
घटना को लेकर एसआई सतीश उपाध्याय की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3), 174, 221 व 223 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा पांचों सदस्यों की तलाश जारी है। इस बीच, सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें अपहरणकर्ताओं को तलवार और लाठी के साथ देखा जा सकता है।
एसएसपी पीएन मीणा ने बताया कि तल्लीताल थाने द्वारा शिकायत न लेने के आरोप में एक जांच चल रही है, साथ ही एसपी क्राइम जगदीश चंद्र द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद यह घटना कैसे हुई।
अगला कदम
डीएम वंदना सिंह ने हाईकोर्ट को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बताया कि चुनाव आयोग को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए नई तिथि तय करने का प्रस्ताव भेजा जाएगा। आयोग से अनुमति मिलने के बाद ही अगला चुनाव होगा।