🔊
उत्तराखंड- ब्लॉक प्रमुख चुनाव में बवाल - पुलिस के सामने दबंगों की फायरिंग, एक गंभीर घायल, छह आरोपी गिरफ्तार
गरमपानी (नैनीताल) - बेतालघाट में गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान माहौल अचानक हिंसक हो गया। लाइसेंसी असलहों से लैस दबंगों ने पुलिस की मौजूदगी में भीड़ पर गोलियां बरसाईं, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी।
जानकारी के मुताबिक, मतदान के दौरान बीडीसी सदस्य बारी-बारी से वोट डाल रहे थे, जबकि बाहर समर्थकों का हुजूम नारेबाजी कर रहा था। इसी बीच प्रत्याशियों के समर्थकों में कहासुनी से विवाद बढ़ा और हाथापाई की नौबत आ गई। तभी एक व्यक्ति ने लाइसेंसी पिस्टल निकालकर भीड़ पर फायर झोंक दिए।
फायरिंग में महेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ गोधन गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसमें से एक आर-पार निकल गई। घायल को तुरंत सीएचसी गरमपानी लाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए सरकार, पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप था कि दबंग खुलेआम गोली चला रहे थे, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी रही। कांग्रेस नेताओं ने इस गोलीकांड के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि यह लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरे की घंटी है।
पुलिस ने देर रात एक्शन लेते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में केस दर्ज किया गया है। क्षेत्र में पहली बार चुनावी प्रक्रिया के दौरान इस तरह की गोलीबारी ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है।
मुख्य बिंदु:
बेतालघाट में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान बवाल
लाइसेंसी पिस्टल से भीड़ पर फायरिंग, एक गंभीर घायल
पुलिस मौजूद होने के बावजूद घटना
कांग्रेस ने भाजपा को ठहराया जिम्मेदार
छह आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी