🔊
अब मलबे में दफन बाजार, उजड़ गए घर - थराली में बादल फटने से तबाही, उत्तराखंड में फिर बरपा प्रकृति का कहर, दो लापता - कई घरों और बाजारों में मलबा घुसा
उत्तरकाशी- 23 अगस्त 2025
उत्तराखंड एक बार फिर प्राकृतिक आपदा की चपेट में आ गया है। चमोली जिले के थराली क्षेत्र में बादल फटने से पूरे कस्बे का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। देखते ही देखते बाजार और घर मलबे में तब्दील हो गए। लोगों की रोज़ी-रोटी, आशियाने और जीवन की पूंजी रातों-रात तबाह हो गई।
उत्तरकाशी की त्रासदी से प्रदेश अभी उभर भी नहीं पाया था कि चमोली में आई इस आपदा ने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। घटनास्थल से आई तस्वीरें और हालात बेहद दर्दनाक हैं।
नुकसान का ब्यौरा
टुनरी गदेरे में पानी बढ़ने से तहसील परिसर, चेपड़ो और कोटदीप बाजार समेत कई घरों में 1-2 फीट तक मलबा घुस गया।
कई वाहन भी मलबे में दब गए।
ग्राम संगवाड़ा में एक मकान में मलबा आने से एक किशोरी की मौत हो गई, जिसका शव डीडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू किया।
ग्राम चेपड़ो में एक व्यक्ति लापता है, जिसकी तलाश जारी है।
राड़ीबगड़ में गदेरा उफान पर आ गया, जिससे एसडीएम आवास और कई घर मलबे में दब गए। स्थिति बिगड़ने पर रात में ही अधिकारियों को सुरक्षित स्थान पर शरण लेनी पड़ी।
राहत एवं बचाव कार्य
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर जुटी हुई हैं और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है। हरमनी के पास मार्ग को प्रशासन ने सुचारु कर दिया है।
एहतियाती कदम
भारी बारिश को देखते हुए थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंड के सभी विद्यालयों में आज अवकाश घोषित किया गया है।