🔊
उत्तराखंड : महिला ने दिया मृत शिशु को जन्म, जन्म देने के बाद महिला को मृत शिशु की जानकारी मिलते ही सदमे से मौत
गैरसैंण क्षेत्र के घंडियाल मल्ला गांव की 25 वर्षीय सुशीला ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मृत बच्चे को जन्म दिया। शिशु की मौत की जानकारी मिलते ही महिला सदमे से बेहोश हो गई।
सीएचसी के सीएमएस डॉ. अर्जुन रावत के अनुसार महिला का सामान्य प्रसव शनिवार अपराह्न करीब ढाई बजे हुआ, लेकिन बच्चा मृत पैदा हुआ। इसकी भनक लगने के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे हायर सेंटर रेफर किया गया।
एंबुलेंस से कर्णप्रयाग ले जाते समय रास्ते में ही उसकी हालत गंभीर हो गई। कर्णप्रयाग उपजिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीपी पुरोहित ने पुष्टि की कि महिला मृत अवस्था में अस्पताल पहुंची।
ऐसे मामले में डॉक्टर्स की राय
चिकित्सकों का कहना है कि
प्रसव के दौरान मानसिक आघात और तनाव से महिला को शॉक लग सकता है, जिससे दिल की धड़कन रुकने जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
कई बार महिला पहले से ही कमजोर या एनीमिया (खून की कमी) से पीड़ित होती है, ऐसे में अचानक सदमा लगना जानलेवा साबित हो सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, प्रसव के दौरान परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को महिला की मानसिक स्थिति पर भी ध्यान देना जरूरी है।
इस तरह के मामलों में तत्काल क्रिटिकल केयर और काउंसलिंग बहुत महत्वपूर्ण होती है।