🔊
टनकपुर में शारदा कॉरिडोर परियोजना को लेकर डीएम की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक शारदा रिवर फ्रंट डेवलपमेंट से धार्मिक, साहसिक व इको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
चंपावत, 08 अप्रैल 2025 (सूवि):
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत टनकपुर में विकसित हो रहे शारदा कॉरिडोर (शारदा रिवर फ्रंट डेवलपमेंट) को लेकर मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री नवनीत पांडे ने की।
बैठक में परियोजना से जुड़ी कंसल्टेंट कंपनी द्वारा विस्तृत प्रजेंटेशन के माध्यम से योजना की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। प्रजेंटेशन में बताया गया कि इस परियोजना में पूर्णागिरी मंदिर, शारदा रिवर फ्रंट, बूम क्षेत्र, चूका, श्रद्धा पथ जैसे प्रमुख स्थानों को शामिल किया गया है। यह परियोजना न केवल धार्मिक व आध्यात्मिक पर्यटन, बल्कि एडवेंचर टूरिज्म और इको टूरिज्म को भी बढ़ावा देगी, जिससे टनकपुर क्षेत्र में पर्यटन व रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
जिलाधिकारी ने दिए निर्देश:
जिलाधिकारी श्री पांडे ने निर्देश दिए कि परियोजना की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बनाते समय पर्यटन, रोजगार और स्थानीय जनता की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्थानीय लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्लानिंग करने तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर एरिया-वाइज प्लान तैयार करने को कहा।
उन्होंने शारदा बस्ती के लोगों को बरसात के मौसम में सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने, कूड़े के निस्तारण, घाट सौंदर्यीकरण, पार्किंग स्थल, पाथवे, ड्रेनेज, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, और प्राकृतिक पर्यावरण के अनुरूप विकास की योजना को भी डीपीआर में शामिल करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्थानीय आजीविका, स्किल डेवलपमेंट और स्वरोजगार के अवसर सुनिश्चित करने हेतु योजना बनाए जाने पर भी जोर दिया।
कंसल्टेंट कंपनी का प्रस्तुतीकरण:
कंपनी के टीम लीडर सत्यजीत राय गुप्ता ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत शारदा कॉरिडोर की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जा रही है और क्षेत्र में अनेक आधारभूत विकास कार्य प्रस्तावित हैं।
उपस्थित अधिकारीगण:
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी नवीन पंत, अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, उपजिलाधिकारी आकाश जोशी, लोनिवि के ईई एमसी पलड़िया, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, तथा कंसल्टेंट कंपनी से श्रीधर, हेमलता, कल्पना, सुरेश, साइ, जीआई एक्सपर्ट बजरंग व शशांक आदि उपस्थित रहे।