🔊
सल्ट के सरकारी स्कूल परिसर से विस्फोटक पदार्थ जिलेटिन की 161 छड़ें मिलीं, बम निरोधक दस्ता सक्रिय - जांच जारी
अल्मोड़ा/सल्ट। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डभरा, सल्ट के परिसर से शुक्रवार को भारी मात्रा में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्कूल परिसर की झाड़ियों में जिलेटिन की 161 बेलनाकार छड़ें छिपाकर रखी गई थीं।
घटना की सूचना पर ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों की बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) एवं डॉग स्क्वॉड टीमें मौके पर पहुंचीं। डॉग मौली और रैम्बो की मदद से स्कूल परिसर में विस्तृत तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान पहले स्थान से कुछ पैकेट और लगभग 15-20 फीट आगे दूसरे स्थान से और पैकेट बरामद हुए। कुल मिलाकर 161 पैकेट बरामद किए गए।
बम निरोधक दस्ते ने सभी पैकेटों को एकत्रित कर सुरक्षित स्थान पर रखकर सील पैक किया। मौके पर मौजूद टीमों ने पूरे परिसर की गहन जांच की।
पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी, ई-साक्ष्य ऐप का उपयोग
बरामदगी और तलाशी की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से की गई। मौके पर ही बरामदगी की फर्द तैयार कर पुलिस ने साक्ष्य सुरक्षित किए।
पुलिस ने इस संबंध में धारा 4(क) विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 एवं 288 बीएनएस में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्कूल परिसर में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री कैसे पहुंची, किसने छिपाई और इसका उद्देश्य क्या था?
एसएसपी का बयान
स्कूल परिसर की झाड़ियों में विस्फोटक मिला है। किसने रखा, जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
-देवेंद्र पींचा, एसएसपी अल्मोड़ा
फोटो - प्रतिकारात्मक