🔊
चम्पावत - पानी का टैंक बन सकता है मौत का कुआँ, सुरक्षा इंतजाम नदारद
चम्पावत।
सर्किट हाउस हेलीपैड के समीप उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी के अंतर्गत चम्पावत जलापूर्ति परियोजना द्वारा निर्मित किया जा रहा पानी का टैंक इन दिनों गंभीर खतरे का कारण बनता जा रहा है। टैंक पर न तो ढक्कन लगाया गया है और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार के दिन इस क्षेत्र में आवाजाही अधिक रहती है। टैंक के चारों ओर जाली तो लगाई गई है, लेकिन एक तरफ गेट न होने के कारण बच्चे खेल-खेल में टैंक के ऊपर तक पहुंच जा रहे हैं। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है और किसी अनहोनी को न्योता दे रही है।
टैंक पर ढक्कन का न होना और प्रवेश रोकने के लिए गेट की व्यवस्था न होना, निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। साथ ही, इस संवेदनशील स्थान पर एक चौकीदार की भी सख्त आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि बच्चों और आम लोगों को खतरे से बचाया जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द टैंक पर मजबूत ढक्कन लगाया जाए, प्रवेश के लिए गेट की व्यवस्था की जाए और सुरक्षा के दृष्टिगत चौकीदार की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: