🔊
तिराहे पर खड़े पिकअप वाहन में मिले दो शव, ठंड से मौत की आशंका
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)।
भिकियासैंण पुलिस चौकी से करीब पांच किलोमीटर दूर जैनल तिराहे पर खड़े एक पिकअप वाहन से दो लोगों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह पिकअप वाहन संख्या यूपी 20-सीटी 0048 सोमवार तड़के करीब तीन बजे से सड़क किनारे खड़ा था, जिसकी सूचना शाम लगभग 6:45 बजे पुलिस को मिली।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी संजय जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन का शीशा खुला हुआ था। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर दो व्यक्ति मृत अवस्था में पाए गए।
पुलिस को वाहन से एक पहचान पत्र (आईडी) बरामद हुई, जिसके आधार पर एक मृतक की शिनाख्त अलाउद्दीन, निवासी मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दूसरे मृतक के पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिसकी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने ठंड से मौत की आशंका जताई है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।