🔊
सख्त शासन, सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री के निर्देश पर दून पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, जंगल से खंडर फैक्ट्री तक मुठभेड़, गोली लगने के बाद दबोचे गए हत्याकांड के दो शूटर बदमाश।
देहरादून
मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश का असर -हत्याकांड के दो शूटर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
देहरादून में हाल ही में तिब्बती मार्केट के सामने हुए सनसनीखेज हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। देहरादून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ के दौरान हत्याकांड में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है।
शहर से देहात तक सघन चेकिंग अभियान
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगातार नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। तड़के सुबह पुलिस को इस अभियान के तहत दो बड़ी सफलताएं मिलीं।
रायपुर थाना क्षेत्र में मुठभेड़
रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने बदमाश को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे तत्काल उपचार के लिए कोरोनेशन (कॉरपोरेशन) चिकित्सालय भेजा गया।
लालतप्पर चौकी क्षेत्र में दूसरी मुठभेड़
दूसरी घटना लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र की है, जहां स्कूटी सवार एक संदिग्ध को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागकर एक खंडर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी पहुंचे अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। एसएसपी देहरादून स्वयं कोरोनेशन चिकित्सालय पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। दोनों आरोपियों का अस्पताल में उपचार जारी है।
हथियार और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है। पुलिस द्वारा लगातार पूछताछ की जा रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
देहरादून पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है। मामले में आगे की जांच जारी है।