🔊
चम्पावत में नकल पर कड़ा प्रहार: 17 मई की स्नातक परीक्षा के लिए हाईटेक सुरक्षा का अभेद कवच, जैमर, सीसीटीवी और बायोमेट्रिक से लैस होंगे परीक्षा केंद्र, अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया की दो टूक-गड़बड़ी पर सीधे एक्शन।
चम्पावत। 17 मई को प्रस्तावित स्नातक स्तरीय परीक्षा को पूरी तरह नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने इस बार सख्त और हाईटेक रणनीति अपनाई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में हुई समीक्षा बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी किए गए। अध्यक्ष मर्तोलिया ने कहा कि निष्पक्ष परीक्षा ही योग्य अभ्यर्थियों के चयन की असली कसौटी है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि परीक्षा प्रबंधन में जरा सी भी ढिलाई सामने आई तो जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई तय है। इस बार आयोग द्वारा जारी नई एसओपी के तहत परीक्षा केंद्रों को पूरी तरह हाईटेक सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा। सभी कक्षों में जैमर लगाए जाएंगे, जिससे मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह निष्क्रिय रहेंगे। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस अनिवार्य की गई है, जबकि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले सघन चेकिंग होगी। सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए केंद्रों पर निजी सामान रखने की कोई व्यवस्था नहीं होगी।
अध्यक्ष ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों का अनिवार्य निरीक्षण करें। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और कोचिंग संस्थानों पर विशेष नजर बनाए रखने को कहा गया है। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने और ड्यूटी में तैनात कार्मिकों को पहले ही एसओपी की पूरी जानकारी देने के निर्देश भी दिए।
अंत में अभ्यर्थियों से अपील करते हुए मर्तोलिया ने कहा कि वे किसी भी प्रकार के बहकावे में न आएं और अपनी मेहनत के दम पर परीक्षा दें। आयोग निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, डिप्टी कलेक्टर विपिन पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो - स्नातक परीक्षा की तैयारियों को लेकर चम्पावत में आयोजित समीक्षा बैठक में दिशा-निर्देश देते आयोग अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया व मौजूद अधिकारी।