🔊
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आंदोलन को उक्रांद का समर्थन, 45 दिन के आश्वासन पर धरना स्थगित।
चंपावत। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सेविका और मिनी कर्मचारियों के संगठन द्वारा अपनी त्रिस्तरीय मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना 30वें दिन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है।
सोमवार को संगठन की जिला अध्यक्ष मीना बोहरा ने बताया कि सरकार द्वारा मांगों के समाधान के लिए 45 दिन का समय मांगा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा के भीतर मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो आंदोलन को दोबारा शुरू किया जाएगा।
आंदोलन को उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) का समर्थन भी मिला है। उक्रांद जिलाध्यक्ष दीपेश शर्मा ने कहा कि यदि 45 दिन बाद भी सरकार केवल आश्वासन तक सीमित रही, तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उक्रांद हमेशा जनहित और कर्मचारियों के साथ खड़ा रहेगा।
इस दौरान उक्रांद के जिला उपाध्यक्ष संदीप भट्ट, जिला महामंत्री विपिन शर्मा, गजेन्द्र बोहरा, मीडिया प्रभारी संजय भट्ट, ब्लॉक महामंत्री पीयूष तिवारी, चार्ली ब्लॉक अध्यक्ष ओम प्रकाश जोशी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
वहीं आंगनबाड़ी संगठन की ओर से चंपावत ब्लॉक अध्यक्ष दीपा पांडे, प्रदेश सदस्य विमला पानेरू, लीलावती जोशी, उमा त्रिपाठी, शांति गोस्वामी, सुनीता पांडे सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
अब सभी की नजरें अगले 45 दिनों पर टिकी हैं, जहां तय होगा कि आंदोलन खत्म होगा या फिर दोबारा तेज होगा।