🔊
चौकोड़ी पहुँचा पहला आदि कैलाश यात्रा दल।
आध्यात्मिक आस्था और हिमालयी संस्कृति का प्रतीक ‘आदि कैलाश यात्रा 2026’ का शुभारंभ हो गया है। यात्रा के पहले दल (बैच-1) के 20 श्रद्धालु हल्द्वानी से प्रस्थान कर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चौकोड़ी पहुँच चुके हैं। कुमाऊं मंडल विकास निगम और स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों का भव्य स्वागत किया, जिससे श्रद्धालु बेहद उत्साहित नजर आए।
इस पहले जत्थे में 13 महिलाएं और 7 पुरुष शामिल हैं। सबसे अधिक 11 यात्री गुजरात से हैं, जबकि दिल्ली से 5, उत्तराखंड से 2 और उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र से 1-1 श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए हैं। महाराष्ट्र निवासी 76 वर्षीय करणम मुरली प्रसाद इस दल के सबसे वरिष्ठ यात्री हैं, जिनका उत्साह सभी के लिए प्रेरणा बना हुआ है।
चौकोड़ी की शांत वादियों में रात्रि विश्राम के बाद अब यह जत्था पिथौरागढ़ और धारचूला होते हुए पवित्र आदि कैलाश के दर्शन के लिए आगे बढ़ेगा। प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं के लिए पूरे मार्ग में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।