🔊
मतदाता सूची पुनरीक्षण को मिली रफ्तार, डिजिटलाइजेशन में चम्पावत बना मॉडल, डीएम मनीष कुमार ने दिए शुद्धता और समयबद्धता के निर्देश, पांच तहसीलों में चल रही विशेष प्रशिक्षण कार्यशालाएं।
चम्पावत। जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को तेजी देने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। भारतीय निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड के निर्देशों के तहत चल रहे इस महत्वपूर्ण अभियान में अब गणना प्रपत्रों के डिजिटलाइजेशन कार्य को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। सोमवार को पूर्णागिरि तहसील सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ), सुपरवाइजर्स, सेक्टर मजिस्ट्रेट्स, पदाभिहित अधिकारियों तथा एईआरओ को गणना प्रपत्रों के डिजिटलाइजेशन की तकनीकी प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। जनपद की पांचों तहसीलों पूर्णागिरि, लोहाघाट, चम्पावत, पाटी और बाराकोट में आयोजित की जा रही इन कार्यशालाओं का उद्देश्य पुनरीक्षण प्रक्रिया को त्रुटिहीन, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को डिजिटल फीडिंग की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया गया। कार्यशाला में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने डिजिटलाइजेशन कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों की फीडिंग पूरी शुद्धता और सावधानी के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शंका होने पर कर्मचारी तत्काल अपने उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त करें, ताकि किसी भी स्तर पर त्रुटि की संभावना न रहे।
उन्होंने डिजिटलाइजेशन की गति बढ़ाने पर जोर देते हुए कर्मचारियों से अनावश्यक दबाव न लेने और कार्य के दौरान नियमित अंतराल पर विश्राम करने की भी सलाह दी। प्रशासन ने प्रतिदिन लगभग 100 एन्यूमरेशन फॉर्म डिजिटाइज करने का व्यावहारिक लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्तमान में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रथम चरण में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण किया जा रहा है। अधिकांश क्षेत्रों में यह कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है तथा शेष कार्य को 7 जुलाई तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटलाइजेशन भी समानांतर रूप से जारी है। प्रशासन ने इस बार प्रवासी मतदाताओं और बाहर रह रहे नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष ऑनलाइन व्यवस्था भी शुरू की है। ‘बुक अ कॉल’ सुविधा के माध्यम से ऐसे नागरिक ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर गणना प्रपत्र जमा कर सकेंगे और मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकेंगे।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सभी लोग सक्रिय भागीदारी निभाएं और मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, तहसीलदार पूर्णागिरि पिंकी आर्या, मास्टर ट्रेनर जीवन कलौनी सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो - पूर्णागिरि तहसील सभागार में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत आयोजित डिजिटलाइजेशन प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार।