🔊
चम्पावत को मिली विकास की डबल सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने ₹163 करोड़ से अधिक की योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
चम्पावत, 29 जून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत दौरे के दौरान जनपद को स्वास्थ्य, पर्यटन, आधारभूत संरचना और शहरी विकास की बड़ी सौगात दी। उन्होंने जिला चिकित्सालय में लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में करीब 40 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं को गति देने की घोषणा की। इसके साथ ही ₹123.79 करोड़ की लागत वाली 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड ही समर्थ और विकसित उत्तराखंड की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि एमआरआई मशीन शुरू होने से अब चम्पावत सहित पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और सीमांत क्षेत्रों के मरीजों को गंभीर जांच के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला चिकित्सालय में 50 बेड का आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक, डायग्नोस्टिक विंग, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, अमोड़ी में पीएचसी, नर्सिंग छात्रावास तथा प्रस्तावित पैरामेडिकल कॉलेज जैसी योजनाएं स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देंगी।
विकास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ₹123.79 करोड़ की 17 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए जिम कॉर्बेट ट्रेल का शुभारंभ किया और प्रस्तावित सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत में आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, साइंस सेंटर, पुस्तकालय, महिला प्रौद्योगिकी पार्क, धार्मिक पर्यटन परियोजनाएं और कृषि विकास योजनाएं भविष्य में जनपद की नई पहचान बनेंगी। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।