🔊
उत्तराखंड में अगले 5 दिन भारी बारिश का अलर्ट, चम्पावत समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
देहरादून/चम्पावत, 30 जून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 1 जुलाई को चम्पावत, नैनीताल, टिहरी, पिथौरागढ़, उधम सिंह नगर और पौड़ी सहित कई जिलों में भारी वर्षा (ऑरेंज अलर्ट) की संभावना जताई गई है। वहीं देहरादून और बागेश्वर में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 30 जून से 4 जुलाई तक प्रदेश के पर्वतीय जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और तेज से अत्यंत तीव्र बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश से भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कें बाधित होने, नदी-नालों के उफान, निचले इलाकों में जलभराव और फ्लैश फ्लड जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। चारधाम यात्रा और पर्वतीय क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रहने, आपदा प्रबंधन टीमों को सक्रिय रखने, संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ाने तथा आम जनता को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: