🔊
टनकपुर में महिलाओं को मिली पिंक ई-रिक्शा की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने सौंपी चाबियां
चम्पावत, 05 जुलाई 2026। उत्तराखंड सरकार के सेवा, सुशासन एवं समर्पण के गौरवपूर्ण कार्यकाल के उपलक्ष्य में टनकपुर के ऊचौलीगोठ (बूम क्षेत्र) में आयोजित सेवा पखवाड़े के दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 10 महिला लाभार्थियों को पिंक ई-रिक्शा की चाबियां सौंपी।
ग्राम्य विकास विभाग की ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) के अंतर्गत जय माँ काली समूह (थ्वालखेड़ा) और ज्योति समूह (बनबसा) की चयनित महिलाओं को ई-रिक्शा उपलब्ध कराए गए। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से बातचीत कर ई-रिक्शा संचालन, रखरखाव, वित्तीय प्रबंधन और भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी आय बढ़ाने में सहायक होगी तथा अन्य स्वयं सहायता समूहों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
रीप परियोजना के तहत टनकपुर, बनबसा और माँ पूर्णागिरी यात्रा मार्ग पर ई-रिक्शा संचालन के लिए प्रत्येक समूह को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है। इसमें 6 लाख रुपये परियोजना अनुदान, 3 लाख रुपये बैंक ऋण तथा 1 लाख रुपये समूह का अंशदान शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती एवं अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मनोज कालकोटी ने रीप की लघु उद्यम योजना के अंतर्गत ओम स्वायत्त सहकारिता (टनकपुर) को रिटेल आउटलेट स्थापना तथा आशा स्वयं सहायता समूह (नायकगोठ) एवं वैष्णो स्वयं सहायता समूह (देवीपुरा) को सचल फूड वैन सह रेस्टोरेंट संचालन के लिए कुल 18 लाख रुपये की परियोजना सहयोग राशि के चेक भी वितरित किए।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: