🔊
उत्तराखंड STF का बड़ा एक्शन: फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट का एक और आरोपी गिरफ्तार, ऑपरेशन प्रहार में अब तक 13 गिरफ्तारी।
देहरादून, 05 जुलाई 2026। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने काशीपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने एक ही फर्जी लाइसेंस नंबर पर बने दो कूटरचित लाइसेंस के जरिए दो हथियार खरीदे थे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पलविंदर सिंह (46 वर्ष) निवासी ग्राम कचनालगाजी, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है।
एसटीएफ के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक .30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .315 बोर राइफल तथा दोनों हथियारों के कुल 8 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। साथ ही फर्जी शस्त्र लाइसेंस भी जब्त किया गया है।
एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस नेटवर्क का दायरा काफी व्यापक है और इसकी गंभीरता को देखते हुए यह मामला राष्ट्रीय स्तर की जांच का विषय बन गया है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत अब तक 13 अभियुक्तों की गिरफ्तारी, 19 अवैध शस्त्र, 358 जिंदा कारतूस तथा बड़ी संख्या में फर्जी एवं संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।
एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस रखने वाले लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे अपने शस्त्र एवं लाइसेंस के साथ स्वयं आत्मसमर्पण करें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को निरीक्षक अरुण कुमार, निरीक्षक एम.पी. सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत तथा एसटीएफ की टीम ने अंजाम दिया।