🔊
टनकपुर: कार की चपेट में आने से आर्मी कैंटीन का सामान लेने जा रही महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
टनकपुर/चंपावत। टनकपुर के नायकगोठ निवासी 66 वर्षीय शांति देवी पत्नी चंचल सिंह की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। वह 19 मई की सुबह कैंटीन का सामान लेने जा रही थीं, तभी सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कमलपथ के पास अचानक एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शांति देवी पास में रुकी बस से उतरने के बाद सड़क पार कर रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। कार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत टनकपुर उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन हाईर सेंटर पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस के अनुसार, अब तक कार चालक के खिलाफ परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।