🔊
समृद्ध चंपावत, सशक्त उत्तराखंड की दिशा में एक और मजबूत कदम, गोलज्यू कॉरिडोर और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को मिली स्वीकृति, चंपावत को विकास की नई सौगात।
चंपावत, 24 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चंपावत को विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण सौगात मिली है। गोलज्यू कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत गोलज्यू मंदिर का पारंपरिक कुमाऊँनी स्थापत्य शैली में निर्माण तथा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेडियम के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस निर्णय से जनपद की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी। पारंपरिक कुमाऊँनी शैली में विकसित होने वाला गोलज्यू मंदिर स्थानीय संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वहीं, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेडियम के निर्माण से जिले के खिलाड़ियों और युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अवसर मिलेंगे, जिससे क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।
जनपदवासियों ने इसे चंपावत के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि यह निर्णय "समृद्ध चंपावत, सशक्त उत्तराखंड" के संकल्प को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।