🔊
सराहनीय पहल: अर्पणा पनेरू और ऋतुराज ने पर्यटन को संवारने की ली जिम्मेदारी, पर्यटन कार्यालय की दीवारों पर दिखेगी लोकसंस्कृति की झलक
चम्पावत:
जनपद के पर्यटन स्थलों को और अधिक आकर्षक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने की दिशा में एक रचनात्मक पहल की शुरुआत हुई है। चम्पावत में स्थित पर्यटक विश्राम गृह की दीवारों को अब खूबसूरत लोकचित्रों से सजाया जा रहा है, जिससे पर्यटकों को पहाड़ी कला, संस्कृति और परंपरा की झलक मिलेगी।
इस प्रेरणादायक पहल को साकार किया है स्थानीय प्रतिभावान कलाकार अर्पणा पनेरू और ऋतुराज ने। इन दोनों ने मिलकर विश्राम गृह की दीवारों पर पारंपरिक शैली में चित्रकारी की है। इन कलाकृतियों में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, मंदिर स्थापत्य, पर्व-त्योहार, ग्रामीण जीवनशैली और प्राकृतिक छटाएं अद्भुत रूप से उकेरी गई हैं।
कलाकारों का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल सुंदरता बढ़ाना नहीं बल्कि स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और पर्यटन को प्रोत्साहित करना है। ये चित्र पर्यटकों के लिए एक नई आकर्षण का केंद्र बनेंगे और उनके मन में चम्पावत की संस्कृति के प्रति एक आत्मीय जुड़ाव उत्पन्न करेंगे।
पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह नवाचार न केवल पर्यटन विकास की दिशा में एक कदम है, बल्कि स्थानीय कलाकारों को मंच देने का भी एक शानदार प्रयास है। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: