🔊
गंगोलीहाट में 6 अगस्त से तीन दिवसीय निःशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग, उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गंगोलीहाट में 6 से 8 अगस्त 2026 तक तीन दिवसीय निःशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।
सीएचसी गंगोलीहाट के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उमाकांत ने बताया कि शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच, परामर्श और उपचार करेंगे। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर में फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, सर्जन तथा महिला चिकित्सा अधिकारी अपनी सेवाएं देंगे।
शिविर में मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक लैब जांच, दवाइयां तथा गंभीर रोगियों को उचित उपचार एवं आगे के इलाज के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उमाकांत ने गंगोलीहाट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं।