🔊
सावन उत्सव में गीता धामी ने किया मातृशक्ति का सम्मान, 10 कर्मठ महिलाओं को मिला नंदा शिखर सम्मान।
मिलन वाटिका में संस्कृति, भक्ति और मनोरंजन का संगम; एक पौधा, प्रकृति के नाम अभियान के तहत चंदन का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
टनकपुर। सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से मातृशक्ति को समर्पित ‘सावन उत्सव-2026’ का आयोजन टनकपुर की मिलन वाटिका में धूमधाम से किया गया। लोक संस्कृति, भक्ति और मनोरंजन से सजे कार्यक्रम में महिलाओं के सम्मान के साथ ही आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सेवा संकल्प फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी गीता धामी ने कहा कि महिलाएं केवल घर-परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, खेत और आजीविका की मुख्य धुरी हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, खेल, प्रशासन और उद्यमिता समेत हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। गीता धामी ने ‘एक पौधा, प्रकृति के नाम’ अभियान के तहत चंदन का पौधा रोपा और उपस्थित महिलाओं को भी पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने महिलाओं से अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के साथ पारंपरिक परिधानों में उत्सव में भागीदारी करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 10 कर्मठ महिलाओं को ‘नंदा शिखर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इसके अलावा ‘सुपर ईंजा डांस प्रतियोगिता’ और ‘मिसेज सावन क्वीन-2026’ प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए गए।
कार्यक्रम में भगवान शिव-पार्वती पर आधारित नृत्य, ग्रुप डांस, नाट्य मंचन के साथ सांतूं-आंठू (गौरा-महेश) और झोड़ा-चांचरी की प्रस्तुतियों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। सावन सरप्राइज अवॉर्ड और मनोरंजक खेलों ने भी महिलाओं का उत्साह बढ़ाया।
गीता धामी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐपण, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पाद, कृषि, पशुपालन, सिलाई-कढ़ाई और होमस्टे जैसे क्षेत्रों में महिलाएं रोजगार सृजन की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और विपणन के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य करेगा। सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष और योगदान समृद्ध उत्तराखंड की मजबूत नींव है। कार्यक्रम का संचालन कल्पना आर्य ने किया। इस दौरान दर्जा राज्यमंत्री हेमा जोशी, किरन देवी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपा जोशी, नगर पंचायत बनबसा अध्यक्ष रेखा देवी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, तुलसी कुंवर, जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।