🔊
चम्पावत में अगले तीन घंटे ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी
चम्पावत समेत उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 14 अगस्त को सुबह 10:14 बजे से दोपहर 1:14 बजे तक चम्पावत में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, भारी वर्षा तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों और आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश और गर्जन के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। नदी-नालों, गधेरों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से भी सावधानी बरतें।
प्रशासन ने लोगों से मौसम खराब होने की स्थिति में सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित तहसील प्रशासन या जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को देने की अपील की है।